कोण्डागांव के स्वामी आत्मानंद स्कूल में साइबर जागरूकता क्लास, पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताए बचाव के उपाय

0
2ec1d4f1-9ed2-4c34-82c1-332b1d621533

कोण्डागांव पुलिस ने महात्मा गांधी वार्ड स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में विद्यार्थियों के लिए साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा, आईपीएस के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चन्द्रा और उप पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ बघेल ने विद्यार्थियों को इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के तरीके बताए।

जागरूकता क्लास के दौरान अधिकारियों ने साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया से जुड़े जोखिमों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, साइबर बुलिंग, फर्जी लिंक और एपीके फाइल, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, ओटीपी तथा यूपीआई धोखाधड़ी जैसे अपराधों के बारे में समझाया गया। साथ ही ऐसे मामलों से बचने के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि अनजान लोगों से ऑनलाइन बातचीत करते समय सावधानी बरतें। अपनी निजी जानकारी, तस्वीरें, पासवर्ड और ओटीपी किसी के साथ साझा न करें तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अनजान स्रोत से फाइल डाउनलोड करने से बचें। सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट और ऑनलाइन ठगी के संकेतों को पहचानने की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में साइबर बुलिंग और ऑनलाइन शोषण के मामलों की शिकायत करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि सोशल मीडिया पर धमकी, ब्लैकमेलिंग या अनुचित व्यवहार होने पर घबराएं नहीं और घटना को छिपाएं नहीं। ऐसी स्थिति में माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को तुरंत जानकारी दें तथा संबंधित चैट, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखें।

विद्यार्थियों को साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *