अंतरिक्ष की ओर उड़ान: शुभांशु शुक्ला सवार रॉकेट स्पेस स्टेशन की ओर रवाना, भेजा पहला संदेश

0
IMG_6587

भारतीय अंतरिक्ष इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। भारत के शुभांशु शुक्ला समेत चार अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर Axiom-4 मिशन ने अमेरिका के कैनेडी स्पेस सेंटर के लॉन्च पैड 39A से बुधवार को दोपहर 12:01 बजे (भारतीय समयानुसार) सफल उड़ान भरी। जैसे ही अंतरिक्ष यान पृथ्वी की कक्षा में पहुंचा, भीतर से शुभांशु का पहला संदेश सामने आया, जिसमें उन्होंने देश के लोगों के लिए गर्व से भरे शब्द कहे।

उन्होंने कहा, “नमस्कार मेरे प्यारे देशवासियो, क्या शानदार सवारी थी… 41 साल बाद हम फिर अंतरिक्ष में हैं। इस समय हम पृथ्वी के चारों ओर 7.5 किलोमीटर प्रति सेकेंड की रफ्तार से घूम रहे हैं। मेरे कंधे पर तिरंगा है, जो मुझे लगातार यह अहसास दिला रहा है कि मैं अकेला नहीं हूं – मैं पूरे भारत के साथ हूं।”

शुभांशु ने आगे कहा कि यह केवल उनकी व्यक्तिगत यात्रा की शुरुआत नहीं है, बल्कि भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की एक नई उड़ान है। “मैं चाहता हूं कि पूरा देश इस अभियान से जुड़े, गर्व महसूस करे और जोश दिखाए। यही भारत की असली शुरुआत है – चलिए मिलकर इस सपने को आगे बढ़ाएं। जय हिंद, जय भारत।”

जानकारी के अनुसार, इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) तक की उनकी यात्रा लगभग 28 घंटे की होगी। अनुमान है कि भारतीय समयानुसार गुरुवार शाम 4:30 बजे अंतरिक्ष यान स्टेशन से डॉक करेगा। वहां पहुंचने के बाद शुभांशु शुक्ला, स्टेशन का दौरा करने वाले पहले भारतीय बनेंगे और 1984 में राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले दूसरे भारतीय नागरिक का दर्जा पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों