बिलासपुर में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में दो गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

0
WhatsApp Image 2025-07-08 at 3.21.45 PM

बिलासपुर, छत्तीसगढ़ | 7 जुलाई 2025:
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में मुहर्रम के अवसर पर निकाले गए जुलूस के दौरान धार्मिक भावनाओं को आहत करने की घटना के बाद पुलिस ने कड़ा कदम उठाया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर स्थानीय हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

यह घटना 6 जुलाई को मुहर्रम जुलूस के दौरान सामने आई, जब जुलूस तारबाहर क्षेत्र से गुजर रहा था। उसी दौरान शेर नाच में शामिल कुछ युवक एक मंदिर की छत पर चढ़कर नृत्य करने लगे। इसका वीडियो जल्द ही इंटरनेट पर वायरल हो गया, जिससे धार्मिक तनाव की स्थिति बन गई।

वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने नाराजगी जाहिर करते हुए थाने का घेराव किया और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों—मो. समीर रजा और जुनैद रजा—को गिरफ्तार कर लिया।

कोतवाली पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(ग) (धार्मिक भावनाओं को आहत करना), 296 (सार्वजनिक शांति भंग करना), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 3(5) (सामान्य उद्देश्य से अपराध) के तहत मामला दर्ज किया है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने एक अलग तरह की कार्रवाई करते हुए आरोपितों का सार्वजनिक जुलूस भी निकाला, ताकि लोगों को यह संदेश दिया जा सके कि धार्मिक सद्भावना को बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाद में दोनों आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ सामग्री से बचें और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखें। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्षेत्र में अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है और माहौल पूरी तरह से नियंत्रण में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों