सीएम साय का कांग्रेस पर कटाक्ष: कहा- जांच तो शुरू हुई है, आगे और भी नाम सामने आ सकते हैं

e812ff3b-6ee8-4579-82ff-8f40ec0b85d8-1.jpg

रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी और जांच के विरोध में कांग्रेस द्वारा 22 जुलाई को प्रदेशभर में आहूत आर्थिक नाकेबंदी को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पूरी राजनीति जनता को गुमराह करने और संस्थाओं पर दबाव बनाने की रही है।

मुख्यमंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब उसने योजनाओं के नाम पर जनता को लगातार धोखा दिया। अब जब ईडी की निष्पक्ष जांच में उनके नेता बेनकाब हो रहे हैं, तो वे आंदोलन के नाम पर आम जनता को फिर से परेशान कर रहे हैं।“

साय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ में अनेक घोटाले हुए — चाहे वह शराब घोटाला हो, कोयला परिवहन का मामला हो या फिर आबकारी विभाग में भ्रष्टाचार — इन सभी मामलों में लगातार खुलासे हो रहे हैं और कुछ नेता सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा, “अभी तो जांच की शुरुआत है, आगे और कितने चेहरे बेनकाब होंगे, यह कहना मुश्किल है। मगर जनता सब देख रही है और अब किसी के बहकावे में आने वाली नहीं।“

उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि यदि उनके नेता निर्दोष हैं, तो जांच से डर कैसा? लोकतंत्र में जांच एजेंसियों का स्वतंत्र रूप से कार्य करना आवश्यक है, और जब गुनहगार पकड़े जा रहे हैं तो इसे राजनीति का रंग देना सरासर गलत है।

मुख्यमंत्री ने आम जनता से अपील की कि वह कांग्रेस के इस तरह के भ्रामक आंदोलनों का हिस्सा न बने। “यह आंदोलन नहीं, भ्रष्टाचारियों को बचाने का राजनीतिक षड्यंत्र है,” उन्होंने कहा।

हो सकता है आप चूक गए हों