प्रतापपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार, 180 नशे के इंजेक्शन बरामद
सूरजपुर। पुलिस ने नशे के कारोबार पर एक और बड़ी कार्यवाही करते हुए प्रतापपुर थाना क्षेत्र में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 180 नशे के इंजेक्शन, 2 मोटरसाइकिल और 3 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर को प्रतापपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि तीन युवक पोड़ी चौक क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों के साथ नशे के इंजेक्शन लेकर घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों युवकों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष पाल उर्फ बिल्ला (निवासी त्रिकुंडा, जिला बलरामपुर), बबलू राजवाड़े (निवासी थाना भटगांव) और अनिल सिंह (निवासी करुंडा) के रूप में हुई है। इनके पास से एविल इंजेक्शन के 90 व रेक्सोजिक इंजेक्शन के 90 पीस मिले। सभी आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रतापपुर अमित कौशिक, एएसआई बजरंगी लाल चौहान, प्रधान आरक्षक रविशंकर चौबे, आरक्षक राजकुमार पासवान, रामदयाल राठिया, अपील चौधरी और सत्यनारायण सिंह की अहम भूमिका रही।
DIG व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के सख्त निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में राहत की भावना दिख रही है।
