दुर्ग पुलिस में डिजिटल बदलाव की बड़ी पहल, एसपी कार्यालय में ई-ऑफिस प्रशिक्षण संपन्न
दुर्ग पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ई-ऑफिस प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। इस क्रम में कार्यालय में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें डिजिटल प्रशासन की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।
NIC वीसी हॉल में आयोजित इस प्रशिक्षण के दौरान ई-ऑफिस सिस्टम के संचालन से जुड़ी तकनीकी जानकारियां दी गईं। प्रशिक्षण में बताया गया कि किस प्रकार फाइल मूवमेंट, नोटशीट तैयार करना, दस्तावेज अपलोड करना, ऑनलाइन अनुमोदन और समयबद्ध निस्तारण जैसी प्रक्रियाएं ई-ऑफिस के माध्यम से सरल और पारदर्शी बन सकती हैं।
इस तकनीकी प्रशिक्षण का संचालन जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (DIO) श्रीमती श्वेता चौबे द्वारा किया गया। उन्होंने ई-ऑफिस प्रणाली के लाभों पर प्रकाश डालते हुए इसे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, गति और दक्षता बढ़ाने वाला माध्यम बताया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय को चरणबद्ध तरीके से काग़ज़ी कार्यप्रणाली से मुक्त कर पूर्णतः ई-ऑफिस आधारित प्रणाली के तहत संचालित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इससे कार्यालयीन कार्यों में समय की बचत के साथ-साथ जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीएसपी (मुख्यालय) श्रीमती तनुप्रिया ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मणिशंकर चन्द्रा, मुख्य लिपिक श्रीमती सावित्री धुर्वे, पुलिस स्टेनोग्राफर श्री गोकुल राम देवगन, मुख्य आंकिक श्री बृजमोहन राजपूत, सहायक उप निरीक्षक श्री आकाश राजपूत सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
