गरियाबंद में दो समुदाय आमने-सामने, हिंसा में बदला विवाद, आगजनी-तोड़फोड़ से फैला तनाव
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक गंभीर और संवेदनशील घटना सामने आई है। राजिम से सटे दुधकैयां गांव में दो समुदायों के बीच अचानक तनाव बढ़ गया, जो देखते-ही-देखते हिंसक झड़प में बदल गया। विवाद के बाद मारपीट, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, विवाद की शुरुआत एक पक्ष के कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा दूसरे समुदाय के लोगों के साथ मारपीट से हुई। इस घटना में कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। मारपीट की खबर फैलते ही दूसरे गुट में आक्रोश भड़क उठा और उन्होंने कथित तौर पर आरोपियों के घरों और संपत्तियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया।
उग्र भीड़ ने कई मकानों में आग लगा दी और सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया। कुछ ही समय में गांव में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के क्षेत्रों में भी डर का माहौल बन गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला। राजिम, फिंगेश्वर सहित आसपास के थाना क्षेत्रों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया। वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। संवेदनशील इलाकों में सख्त निगरानी रखते हुए पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की टीमें तैनात की गईं, वहीं घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तनाव को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम जारी हैं। प्रशासन ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है और दोषियों की पहचान कर कानूनी कदम उठाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
