धमतरी में शादी कार्यक्रम बना खूनी मैदान! डांस के दौरान चाकूबाजी, युवक की मौत — 7 आरोपी गिरफ्तार

0

धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम भोथीडीह में आयोजित विवाह संबंधी कार्यक्रम के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। डांस के दौरान बारात पक्ष और बाजा पार्टी से जुड़े युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते चाकूबाजी तक पहुंच गई। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हुए हैं।

सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने रातभर दबिश देकर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में दो विधि-विरुद्ध बालक भी शामिल पाए गए हैं, जिनके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक अपने परिवार के साथ बेटी के चौथ कार्यक्रम में शामिल होने आया था। कार्यक्रम के दौरान बाजार चौक के पास नाच-गाने के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की और हत्या सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सामाजिक आयोजनों में कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों