ग्वालियर में साइबर अलर्ट! NCRP और CEIR सहित कई पोर्टलों पर पुलिस को विशेष ट्रेनिंग
ग्वालियर में साइबर अपराधों की रोकथाम और त्वरित विश्लेषण के उद्देश्य से दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। यह प्रशिक्षण राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय भोपाल के समन्वय से पुलिस कंट्रोल रूम ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। कार्यशाला में विभिन्न साइबर पोर्टलों के संचालन और उनके प्रभावी उपयोग पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित इस प्रशिक्षण में पुलिस अधीक्षक (मध्य/परिवहन) अनु बेनीवाल के मार्गदर्शन में शहरी एवं ग्रामीण थाना क्षेत्रों के उपनिरीक्षक और कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हुए। प्रशिक्षण का उद्देश्य सभी अधिकारियों को साइबर से जुड़े पोर्टलों की तकनीकी जानकारी देकर दैनिक कार्यों में उनका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना रहा।

कार्यशाला के दौरान नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP), समन्वय/ JMIS पोर्टल, सीईआईआर (Central Equipment Identity Register), ई-Zero FIR, साइबर क्राइम मैपिंग (प्रतिबिंब), सीआईएआर (Cyber Investigation Assistance Request), बैंक अकाउंट आधारित इंटरलिंकिंग विश्लेषण और पीएम राहत योजना के अंतर्गत कैशलेस ट्रीटमेंट जैसे महत्वपूर्ण मॉड्यूल्स पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
विशेषज्ञों ने बताया कि इन पोर्टलों के माध्यम से सिम और IMEI आधारित विश्लेषण, म्यूल अकाउंट की पहचान, चोरी हुए मोबाइल की ट्रैकिंग और ऑनलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण में सहायता मिलती है। इससे साइबर अपराधों की जांच अधिक सटीक और तेज़ी से की जा सकेगी।

प्रशिक्षण के समापन पर सभी प्रतिभागियों का प्रायोगिक परीक्षण भी लिया गया, जिसमें 10 प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की कार्यशालाएं नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी, ताकि पुलिस बल तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त हो सके।
