शराब के विवाद में भतीजे की हत्या, 10 घंटे के भीतर चाचा गिरफ्तार – पुलिस की त्वरित कार्रवाई
दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत रावणभाठा इलाके में एक पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शराब पीने को लेकर हुए विवाद में चाचा ने अपने ही भतीजे की हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और महज 10 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामले के अनुसार, देर रात लगभग 11:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि परिवार के दो सदस्यों के बीच शराब पीने को लेकर कहासुनी हुई है, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर चाचा ने भतीजे के सिर पर लोहे की पाइप से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही जामुल पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए उसे 10 घंटे के भीतर पकड़ लिया। वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की पाइप भी आरोपी की निशानदेही पर बरामद कर ली गई है।
इस मामले में अपराध क्रमांक 142/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवादों को शांतिपूर्ण और कानूनी माध्यम से सुलझाएं। नशे की हालत में उत्पन्न विवाद गंभीर अपराध का रूप ले सकते हैं। कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
