ट्रैक्टर चोरी का नाटक बेनकाब: मां-बेटे समेत 5 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने खोला पूरा राज
रतलाम जिले के बर्खेड़ा कला थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के एक मामले का चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि जिस ट्रैक्टर की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, वह असल में पहले ही बेच दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने मां-बेटे समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, ग्राम जमुनिया शंकर निवासी मोतीलाल मालवीय ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 फरवरी की रात उनका महिंद्रा ट्रैक्टर अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 29/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। लेकिन किसी भी रास्ते से ट्रैक्टर ले जाने के स्पष्ट सबूत नहीं मिले, जिससे पुलिस को मामले में संदेह हुआ। आगे की जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता के भाई राजू उर्फ राजेश मालवीय ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले ही ट्रैक्टर बेच दिया था और फाइनेंस की किश्तों से बचने के लिए चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी राजू उर्फ राजेश ने स्वीकार किया कि उसने मुकेश पाटीदार और असलम शाह के साथ मिलकर ट्रैक्टर को दलाल प्रदीप कुमावत के माध्यम से मथुरा निवासी मदन मोहन को बेच दिया था। जांच के दौरान ट्रैक्टर बिक्री से जुड़े नोटरी दस्तावेज भी पुलिस ने जब्त कर लिए हैं।
इस मामले में पुलिस ने राजू उर्फ राजेश मालवीय, मुकेश पाटीदार, असलम शाह, मोतीलाल मालवीय और रत्निबाई मालवीय को गिरफ्तार किया है। वहीं एसके फाइनेंस आलोट शाखा ने भी धोखाधड़ी से संबंधित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
