सड़क रोककर लूट और मारपीट: धमतरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार
धमतरी जिले में सड़क पर वाहन रोककर लूट और मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह घटना अलेखुंटा-सिंगपुर मार्ग पर हुई थी, जहां आरोपियों ने रास्ता रोककर पीड़ितों के साथ मारपीट की और नकदी लूट ली।
मामले के अनुसार ग्राम चेस्ट निवासी देवेंद्र कुमार मरकंडे अपने साथियों फगेश्वर कुमार, लक्ष्मण यादव, लिलेश कुमार यादव और दुर्गेश कुमार साहू के साथ पिकअप वाहन से मुढ़करा गांव जा रहे थे। रास्ते में अलेखुंटा-सिंगपुर मार्ग पर एक स्विफ्ट कार में सवार कुछ लोगों ने उनका वाहन रोक लिया और पशु ले जाने के बारे में पूछताछ करने लगे।
इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की और खुद को एक संगठन का सदस्य तथा पुलिसकर्मी बताकर पीड़ितों को धमकाया। आरोपियों ने पीड़ितों को जबरन अपनी कार में बैठाकर डुगली की ओर ले गए, जहां डुगली-नगरी रोड स्थित तालाब के पास उनसे 13,800 रुपये नकद लूट लिए। इसके अलावा फोनपे के माध्यम से 30,000 रुपये ट्रांसफर कराकर कुल 43,800 रुपये की लूट की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मगरलोड थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 40/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने ओमकार कुर्रे, चंद कुर्रे और राहुल कुर्रे को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, सैमसंग और ओप्पो मोबाइल फोन तथा लूटी गई नकदी बरामद की है। तीनों आरोपी ग्राम पैकभाठा, थाना सिहावा, जिला धमतरी के निवासी हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर जिला जेल धमतरी भेज दिया है।
