मुख्यधारा में लौटे 9 पूर्व नक्सली: सरकार की पुनर्वास नीति के तहत 4.50 लाख की प्रोत्साहन राशि वितरित
छत्तीसगढ़ सरकार की नक्सली आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत गरियाबंद जिले में मुख्यधारा में लौटे 9 पूर्व नक्सलियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने उन्हें समाज की मुख्यधारा में शामिल होने के लिए सम्मानपूर्वक स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर B. S. Uike और पुलिस अधीक्षक Vedavrat Sirmaur ने सभी 9 पूर्व नक्सलियों को कुल 4 लाख 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की। सरकार की नीति के तहत प्रत्येक आत्मसमर्पण करने वाले सदस्य को 50 हजार रुपये की सहायता दी गई।

जानकारी के अनुसार इन सभी 9 नक्सलियों (6 महिलाएं और 3 पुरुष) ने 19 जनवरी 2026 को रायपुर रेंज के आईजी और गरियाबंद एसपी के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। आत्मसमर्पण के बाद इन्हें पुनर्वास योजना के तहत विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि वे सामान्य जीवन जी सकें।
सरकार की पुनर्वास नीति के तहत इन पूर्व नक्सलियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मकान स्वीकृति, अगले तीन वर्षों तक प्रतिमाह 10 हजार रुपये का स्टाइपेंड, बच्चों के लिए निःशुल्क शिक्षा और स्वयं के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा उनकी योग्यता के अनुसार सरकारी या निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने बताया कि सरकार की इस नीति से प्रभावित होकर अब तक 20 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं। प्रशासन और पुलिस विभाग लगातार प्रयास कर रहे हैं कि अधिक से अधिक लोग हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ें।
