MP में ड्रग्स के खिलाफ बड़ा अभियान: 1 अप्रैल से एक्शन मोड में पुलिस, DGP ने दिए सख्त निर्देश
मध्यप्रदेश में नशे के खिलाफ अब बड़ा और सख्त अभियान शुरू होने जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री के विजन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्यव्यापी ड्रग्स उन्मूलन अभियान के निर्देश जारी किए हैं। यह अभियान 1 अप्रैल 2026 से पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।
इस समीक्षा बैठक में जोनल एडीजी, आईजी, पुलिस कमिश्नर, डीआईजी और एसपी स्तर के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि ड्रग्स नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचकर कार्रवाई की जाए। पुलिस को न केवल छोटे तस्करों बल्कि सप्लाई चेन, स्रोत और सरगना तक कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया है।
पुलिस महानिदेशक ने NCORD समन्वय को मजबूत करने, अंतर्राज्यीय सहयोग बढ़ाने और टेक्नोलॉजी के उपयोग पर विशेष जोर दिया। खासकर ऑनलाइन ड्रग्स सप्लाई और वीपीएन के माध्यम से हो रही गतिविधियों की साइबर मॉनिटरिंग को और सशक्त बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला स्तर पर भी इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए हॉट-स्पॉट चिन्हित करने, मुखबिर तंत्र को मजबूत करने और स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही NDPS एक्ट के मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
बैठक में अधिकारियों को 6 अप्रैल तक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें बैठक के दौरान मिले सुझावों को भी शामिल किया जाएगा। इस रोडमैप के आधार पर प्रदेशभर में एक समन्वित और प्रभावी अभियान चलाया जाएगा।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि सख्त कार्रवाई, तकनीकी सशक्तिकरण और जनजागरूकता के जरिए नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी। मध्यप्रदेश पुलिस इस अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध नजर आ रही है।
