सोशल मीडिया पर फोटो एडिट कर बदनाम करने वाला युवक गिरफ्तार — व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर फैलाया था गलत कंटेंट

0
a4.7.1

कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के दुरुपयोग का मामला सामने आया है, जहां एक युवक द्वारा फोटो एडिट कर उसे गलत तरीके से प्रसारित करने की घटना उजागर हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

प्रार्थिया द्वारा थाना चारामा में शिकायत दर्ज कराई गई कि एक अज्ञात व्यक्ति ने “ग्राम पंचायत टिकरापारा” नाम से व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर उसमें उसके परिचितों को जोड़ लिया। इसके बाद उसकी फोटो को एडिट कर अनुचित रूप में प्रस्तुत किया गया और उसे मैसेज के साथ साझा किया गया, जिससे उसकी छवि प्रभावित हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। साइबर सेल की मदद से तकनीकी जांच कर आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार निर्मलकर के रूप में की गई।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने जानबूझकर फोटो को एडिट कर प्रसारित किया था। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जो जांच में अहम साक्ष्य के रूप में सामने आया है।

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी से करें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों