100 से अधिक छात्र बने “यातायात साथी”: ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस ने युवाओं को दिलाई सड़क सुरक्षा की शपथ

0

ग्वालियर। सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने की दिशा में ग्वालियर यातायात पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 06 मई 2026 को जोनल ट्रैफिक पार्क सिरोल में “यातायात साथी” अभियान के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अमेटी विश्वविद्यालय के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) अनु बेनीवाल के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं यातायात पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात व्यवहार की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में छात्रों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, यातायात संकेतों के पालन, सड़क पर सुरक्षित चलने के नियमों तथा लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं के खतरों के बारे में समझाया गया। यातायात पुलिस द्वारा आधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन कर उनके उपयोग और महत्व से भी अवगत कराया गया।

प्रोजेक्टर के माध्यम से सड़क सुरक्षा पर आधारित शॉर्ट फिल्म दिखाई गई तथा केंद्र सरकार की “राहवीर योजना” की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले नागरिकों को सरकार द्वारा सम्मानित और पुरस्कृत किया जाता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने और समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। साथ ही उन्हें प्रमाण पत्र एवं बैज प्रदान कर “यातायात साथी” के रूप में प्रोत्साहित किया गया।

ग्वालियर यातायात पुलिस का उद्देश्य युवाओं को सड़क सुरक्षा का जिम्मेदार दूत बनाकर दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देना है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों