तेलंगाना पुलिस का ‘ऑपरेशन मुस्कान-XII’ शुरू, पूरे राज्य में लापता बच्चों की होगी तलाश, शोषण के शिकार मासूमों का भी होगा रेस्क्यू
तेलंगाना पुलिस की महिला सुरक्षा विंग ने राज्यभर में लापता बच्चों की तलाश और बाल संरक्षण को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 1 जुलाई 2026 से ‘ऑपरेशन मुस्कान-XII’ की शुरुआत कर दी है। यह विशेष अभियान पूरे जुलाई माह तक चलेगा, जिसमें विभिन्न जिलों में समन्वित कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य ऐसे बच्चों की पहचान करना और उन्हें सुरक्षित वापस लाना है, जो लापता हैं या किसी कारणवश अपने परिवार से बिछड़ गए हैं। इसके साथ ही बंधुआ मजदूरी, बाल श्रम, मानव तस्करी अथवा अन्य प्रकार के शोषण का शिकार बच्चों को भी रेस्क्यू कर सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।
पुलिस टीम अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, औद्योगिक क्षेत्रों, ईंट-भट्टों, होटल, ढाबों, फैक्ट्रियों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाएगी। संबंधित विभागों और बाल संरक्षण इकाइयों के सहयोग से बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक कानूनी सहायता और पुनर्वास उपलब्ध कराया जाएगा।
तेलंगाना पुलिस ने आम नागरिकों से भी इस अभियान में सहयोग की अपील की है। यदि किसी स्थान पर कोई बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में काम करता हुआ या शोषण का शिकार दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस या संबंधित अधिकारियों को देने की सलाह दी गई है। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल बच्चों को खोज निकालना ही नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित भविष्य और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना भी है।
