राजनांदगांव में गणेश उत्सव को लेकर पुलिस एक्शन मोड में, 28 संदिग्धों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई; आर्म्स एक्ट के 7 और आबकारी के 2 केस

0

राजनांदगांव: गणेश चतुर्थी और गणेश उत्सव के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अब तक 28 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। इसके साथ ही आर्म्स एक्ट के 7 प्रकरण और आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत 2 प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

अशांति फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर

पुलिस के अनुसार, अशांति फैलाने की आशंका वाले संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों को चिन्हांकित कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत कई आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया। पुलिस की नजर ऐसे अन्य लोगों पर भी बनी हुई है, जो गणेश उत्सव के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ सकते हैं।

अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई

जिले में की गई कार्रवाई में कोतवाली थाना क्षेत्र में धारा 170 BNSS के 7 और आर्म्स एक्ट का 1 प्रकरण, जबकि बसंतपुर थाना क्षेत्र में धारा 170 BNSS के 3 और आर्म्स एक्ट के 6 प्रकरणों में कार्रवाई की गई।

इसी तरह लालबाग में धारा 170 BNSS के 2, डोंगरगांव में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) का 1, चिखली में धारा 170 BNSS के 11 और आबकारी एक्ट का 1, घुमका में धारा 170 BNSS का 1, डोंगरगढ़ में 3 तथा सुरगी में 1 प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी

पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय यादव के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के संवेदनशील क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थानों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अन्य संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी आगे सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना राजनांदगांव पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *