कबीरधाम में नौकरी लगाने के नाम पर 2.74 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र देकर आरोपी ने लगाया चूना; पुलिस ने किया गिरफ्तार
कबीरधाम: पंडरिया थाना पुलिस ने असिस्टेंट पोस्ट मास्टर की नौकरी लगाने का झांसा देकर 2 लाख 74 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पीड़ित को भरोसे में लेकर अलग-अलग समय पर रकम लेने के बाद नौकरी के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया था।

नौकरी का झांसा देकर ऐंठे 2.74 लाख रुपये
पुलिस के अनुसार, किशुनगढ़ निवासी नंदलाल चन्द्राकर ने शिकायत में बताया था कि आरोपी पंकज टंडन, निवासी मल्दा कला, जिला सक्ती, ने असिस्टेंट मैनेजर/असिस्टेंट पोस्ट मास्टर की नौकरी लगाने का झांसा दिया। आरोपी ने अलग-अलग समय पर 2.74 लाख रुपये लिए और फर्जी नियुक्ति पत्र देकर पीड़ित को ज्वाइनिंग के लिए ग्राम सैनगुड़ा, थाना चिल्फी जाने का भरोसा दिलाया।
जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान, घटनास्थल का निरीक्षण और आरोपी की पतासाजी सहित विभिन्न पहलुओं पर कार्रवाई की। विशेष टीम ने आरोपी को उसके निवास स्थान मल्दा कला से पकड़कर पूछताछ की।
गूगल-पे और नकद के जरिए ली रकम
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी पीड़ित से पहले से जान-पहचान थी। इसी का फायदा उठाकर उसने जनवरी 2024 में नौकरी लगाने का झांसा दिया। आरोपी ने गूगल-पे के जरिए 60 हजार रुपये, 21 जून 2024 को 1.04 लाख रुपये नकद और 22 जुलाई 2024 को ग्राम कापादाह में 1.10 लाख रुपये नकद लिए थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर पीड़ित को दिया था। ठगी की रकम को निजी खर्च में इस्तेमाल करने की बात भी आरोपी ने पूछताछ में बताई। उसने पूर्व में इस्तेमाल किए गए लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल और सिम को नष्ट कर फेंकने की जानकारी भी दी।
आरोपी के खिलाफ पहले से भी दर्ज है मामला
आरोपी के खिलाफ पंडरिया थाने में अपराध क्रमांक 94/2025, धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा थाना मालखरौदा, जिला सक्ती में भी उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 279/2024 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में पूर्व से अपराध दर्ज होना पाया गया है।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे ज्यूडिशियल रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सिन्हा के नेतृत्व में की गई।
