राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली में गरियाबंद पुलिस के प्रधान आरक्षक रविन्द्र गिरी ने बढ़ाया जिले का गौरव

0
01f79a61-581f-4849-b11c-d58ae43d2abc

गरियाबंद पुलिस के प्रधान आरक्षक रविन्द्र गिरी ने राष्ट्रीय स्तर की मोटरसाइकिल रैली में जिले का प्रतिनिधित्व कर गौरव बढ़ाया। ‘नशा मुक्त भारत’ और ‘राष्ट्रीय एकता’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस रैली में देश के विभिन्न राज्यों के पुलिस जवानों ने हिस्सा लिया।

थाना राजिम, जिला गरियाबंद में पदस्थ प्रधान आरक्षक रविन्द्र गिरी ने गरियाबंद पुलिस टीम का नेतृत्व करते हुए रैली में सक्रिय भागीदारी निभाई। रैली देश के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) पहुंची।

एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य ‘एकता परेड’ में भी प्रधान आरक्षक रविन्द्र गिरी शामिल हुए। इस राष्ट्रीय मंच के माध्यम से देश की अखंडता, विविधता और नशा मुक्ति का संदेश दिया गया।

राष्ट्रीय आयोजन में गरियाबंद जिले का प्रतिनिधित्व करने पर पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रविन्द्र गिरी को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इतने महत्वपूर्ण आयोजन में शामिल होकर नशा मुक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना गरियाबंद पुलिस परिवार के लिए गर्व की बात है।

पुलिस अधीक्षक ने उम्मीद जताई कि रविन्द्र गिरी की उपलब्धि से जिले के अन्य पुलिस अधिकारी और जवान भी प्रेरित होंगे तथा राष्ट्र सेवा और सामाजिक जागरूकता के कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *