छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: कवासी परिवार की संपत्तियों का खुलासा, करोड़ों की खरीद-फरोख्त
रायपुर।
छत्तीसगढ़ में चर्चित शराब घोटाले की जांच के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कवासी लखमा के परिवार से जुड़ी कई बड़ी संपत्तियों का पता लगाया है। जांच में खुलासा हुआ है कि लगभग 64 करोड़ रुपये की अवैध कमाई को कवासी के परिजनों व निकट संबंधियों के नाम पर विभिन्न संपत्तियों में निवेश किया गया।
ईडी के अनुसार, कवासी ने स्वयं के नाम पर 2.24 करोड़ रुपये की लागत से एक आलीशान मकान बनवाया है। वहीं उनके बेटे के लिए 1.40 करोड़ रुपये का बंगला खरीदा गया। यही नहीं, बहू और बेटियों के नाम पर भी प्रॉपर्टी और निवेश किए गए हैं, जिनकी कीमत लाखों में बताई जा रही है।
जांच एजेंसी का दावा है कि इस घोटाले में केवल राजनेता ही नहीं, बल्कि कई व्यवसायियों और सरकारी अधिकारियों की संलिप्तता भी सामने आई है। अवैध रूप से अर्जित धन को रियल एस्टेट, फर्जी कंपनियों और रिश्तेदारों के बैंक खातों में निवेश किया गया।
ईडी ने अब तक इस मामले में कई दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं और आगे की जांच जारी है। सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
