सरगुजा में डॉक्टर से रिश्वत वसूली का मामला, IG की सख्त कार्रवाई
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मणिपुर थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक डॉक्टर से जांच के नाम पर अवैध वसूली की गई। पीड़ित न्यूरो सर्जन डॉ. शिवा राम ने 25 जुलाई को सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा से शिकायत की थी कि उन पर दर्ज एक मामले की विवेचना के दौरान थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक ने 18 हजार रुपए की मांग की, जिनमें से 10 हजार थाना प्रभारी के नाम पर और 8 हजार खुद के नाम पर मांगे गए।
शिकायत में डॉक्टर ने बताया कि जांच के नाम पर उनसे 5 हजार रुपये भी वसूले गए, जो नगर सैनिक के खाते में जमा कराए गए। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आईजी दीपक झा ने मामले की जांच कराई, जिसमें वसूली की पुष्टि हुई। इसके बाद सहायक उप निरीक्षक को लाइन अटैच किया गया और नगर सैनिक को निलंबित कर दिया गया।
आईजी की इस सख्त कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की जांच अब भी जारी है और संबंधित अधिकारियों की भूमिका को लेकर गहराई से छानबीन की जा रही है।
