नारायणपुर में बड़ी कार्रवाई: दिवंगत आरक्षक के परिवार से ₹19 लाख की अवैध वसूली के आरोप में पुलिस इंस्पेक्टर गिरफ्तार
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में पुलिस अधीक्षक श्री संदीप पटेल के निर्देश पर पुलिस विभाग ने बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए दिवंगत आरक्षक के परिवार से कथित अवैध वसूली के मामले में तत्कालीन थाना प्रभारी सुरेश चंद्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में एक अधिवक्ता की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए डीएफ आरक्षक स्व. धनेश्वर नुरेटी की पत्नी को भारतीय स्टेट बैंक के वेतन पैकेज के तहत ₹1 करोड़ की दुर्घटना बीमा राशि मिली थी। आरोप है कि बीमा राशि दिलाने के नाम पर तत्कालीन थाना प्रभारी सुरेश चंद्र यादव और अधिवक्ता कृष्ण कुमार वर्मा ने परिजनों से ₹19 लाख ले लिए।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने कथित तौर पर बीमा राशि में से 50 प्रतिशत यानी ₹50 लाख की मांग करते हुए परिजनों पर दबाव बनाया। विरोध करने पर उन्हें न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराने, कानूनी कार्रवाई में फंसाने और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की धमकियां दी गईं।
लगातार हो रही कथित अवैध मांग और प्रताड़ना से परेशान होकर दिवंगत आरक्षक के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक श्री संदीप पटेल से शिकायत की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल जांच के निर्देश दिए।
प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद थाना कोतवाली नारायणपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318, 308 एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी सुरेश चंद्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद सह-आरोपी अधिवक्ता कृष्ण कुमार वर्मा की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। प्रकरण की विवेचना जारी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
