रायगढ़: परसदा वाटरफॉल में नहाना और कूदना प्रतिबंधित, पुलिस ने शुरू की पेट्रोलिंग
रायगढ़ जिले से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित लोकप्रिय पर्यटन स्थल परसदा वाटरफॉल में अब लोगों का नहाना और ऊंचाई से कूदना पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस फैसले के बाद पुलिस ने झरने के पास चेतावनी बोर्ड भी लगा दिए हैं। बारिश के मौसम में यह झरना पर्यटकों को अपनी खूबसूरती से आकर्षित करता रहा है, लेकिन हाल ही की एक गंभीर दुर्घटना के बाद सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
बलौदाबाजार जिले में दो दिन पहले एक युवक 40 फीट की ऊंचाई से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस घटना को ध्यान में रखते हुए रायगढ़ पुलिस ने परसदा क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई की और मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश देकर वहां से हटाया। साथ ही पुलिस द्वारा चेतावनी बोर्ड लगाया गया और इलाके में नियमित पेट्रोलिंग शुरू कर दी गई है।
स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पर्यटक अक्सर झरने के ऊपरी हिस्से या आस-पास के पेड़ों से कूदकर स्टंट करते हैं, जो कि बेहद खतरनाक है। कुछ लोग शराब का सेवन भी करते पाए गए हैं। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देश पर अब यहां पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
खरसिया एसडीओपी प्रभात पटेल ने लोगों से अपील की है कि वे जलप्रपात के पास इस प्रकार के जोखिम भरे गतिविधियों से बचें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, न कि उनकी मौज-मस्ती पर रोक लगाना। परसदा वाटरफॉल जैसे प्राकृतिक स्थलों का आनंद तभी लिया जा सकता है जब सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए।
