जशपुर पुलिस ने पकड़ी 50 लाख की शराब तस्करी, पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी खेप
जशपुर पुलिस ने एक बार फिर अंतरराज्यीय शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। सोमवार देर रात पुलिस ने एक ट्रक को पकड़ा, जिसमें 734 कार्टून यानी करीब 6588 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इस जब्ती की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक को भी जब्त कर लिया है, जिसकी कीमत लगभग 16 लाख रुपये है।
पूछताछ में गिरफ्तार ट्रक ड्राइवर हजारीराम ने बताया कि वह राजस्थान के बाड़मेर का निवासी है। उसके अनुसार, उसे यह शराब चंडीगढ़ से लेकर रांची पहुंचानी थी, जहां से इसे आगे बिहार भेजा जाना था। इस पूरे रूट में अलग-अलग ड्राइवरों की मदद से शराब को गंतव्य तक पहुंचाने की योजना बनाई गई थी, ताकि कोई एक ड्राइवर बार-बार पकड़ा न जाए।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जानकारी दी कि खुफिया सूचना के आधार पर जशपुर के सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस ने ट्रक की घेराबंदी की। तलाशी के दौरान उसमें भारी मात्रा में शराब पाई गई, जिसे पंजाब के चंडीगढ़ से लाया गया था। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि यह खेप हिमाचल प्रदेश और पंजाब की सीमा से निकली थी और इसे रांची होते हुए बिहार भेजने की योजना थी।
पुलिस के मुताबिक, हिमाचल से रांची तक शराब पहुंचाने के लिए ड्राइवर को 45 हजार रुपये की राशि दी गई थी। शराब को ट्रक में पीछे की ओर छिपाकर ले जाया जा रहा था। ट्रक से कई नामी ब्रांडों की शराब भी बरामद की गई है। इस नेटवर्क में और भी लोगों के शामिल होने की आशंका है और जांच जारी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, और ट्रक व बरामद शराब को सील कर सुरक्षित रखा गया है। जशपुर पुलिस की यह इस साल की दूसरी बड़ी तस्करी पकड़ है।
गौरतलब है कि इससे पहले फरवरी माह में भी जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत दो ट्रकों से तीन करोड़ रुपये की शराब बरामद की थी, जिसमें 14,027 लीटर शराब और दो आरोपी पकड़े गए थे। इन कार्रवाइयों के बावजूद तस्करी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
