दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुंबई से नशीली दवा सप्लाई नेटवर्क का आरोपी गिरफ्तार

0
IMG_6434

दुर्ग पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार में संलिप्त एक आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जनवरी 2025 में की गई उस बड़ी जब्ती से जुड़ी है, जिसमें 7200 नग प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ एक आरोपी को पकड़ा गया था। ताज़ा गिरफ्तारी में पुलिस ने सप्लाई चेन से जुड़े मनीष कुमावत को दबोचा है।

मामला 23 जनवरी 2025 का है, जब महमरा मोड़ स्थित पप्पू होटल के सामने घेराबंदी कर पुलिस ने अंकित सिंह राजपूत (28 वर्ष, निवासी चिखली, राजनांदगांव) को गिरफ्तार किया था। उसकी एक्टिवा से अल्प्राजोलम की 7200 टैबलेट जब्त की गई थीं, जिनकी कीमत लगभग ₹17,828 आंकी गई थी। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा गया था।

जांच में सामने आया कि अंकित सिंह राजपूत को नशीली दवा की आपूर्ति मुंबई स्थित MAXTOUCH LIFE SCIENCE LLP कंपनी के कर्मचारी जय राठौर और मनीष कुमावत द्वारा की जा रही थी। न्यायालय से सर्च वारंट मिलने के बाद दुर्ग पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम मुंबई पहुंची। तलाशी में दवा का स्टॉक नहीं मिला, लेकिन यह स्पष्ट हो गया कि सप्लाई सीधे कर्मचारियों के माध्यम से हो रही थी।

पूछताछ में मनीष कुमावत ने कबूल किया कि दवा की सप्लाई जय राठौर करता था और भुगतान उसके गूगल पे क्यूआर कोड से लिया जाता था। इसके बदले उसे ₹2,000 कमीशन मिलता था। पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त वनप्लस मोबाइल (कीमत ₹20,000) और बैंक पासबुक जब्त की। मनीष को 9 अगस्त 2025 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। फरार आरोपी जय राठौर की तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि नशीली दवाओं की सप्लाई अब अधिकतर ऑनलाइन भुगतान माध्यमों से हो रही है, जिससे आरोपियों तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो गया है। मुंबई से की गई यह गिरफ्तारी इस अवैध नेटवर्क को ध्वस्त करने में अहम साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों