गरियाबंद पुलिस का जागरूकता अभियान: अवैध प्रवासी, साइबर फ्रॉड और नशे से बचाव की दी जानकारी
गरियाबंद। थाना फिंगेश्वर अंतर्गत ग्राम कुसुमखुंटा में गरियाबंद पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र चंद्राकर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस गरियाबंद निशा सिन्हा तथा थाना प्रभारी फिंगेश्वर गौतमचंद गवड़े सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बताया कि अवैध प्रवासियों की जानकारी देने हेतु शासन द्वारा टोल-फ्री नंबर 18002331905 जारी किया गया है। इस नंबर पर सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।

साइबर ठगी से बचाव को लेकर भी विस्तार से समझाया गया। ग्रामीणों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, किसी भी स्थिति में OTP साझा न करने, बैंक खाते दूसरों को किराए पर न देने और APK फाइल डाउनलोड न करने की सलाह दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि “डिजिटल अरेस्ट” जैसी कोई प्रक्रिया नहीं होती। यदि किसी के खिलाफ मामला दर्ज है तो सीधे पुलिस के पास आएं, वहाँ निष्पक्ष रूप से जांच की जाएगी। साथ ही, किसी भी प्रकार के साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि नशा एक खतरनाक जाल है, जिससे न केवल व्यक्ति का जीवन बर्बाद होता है बल्कि परिवार भी प्रभावित होता है। इसलिए नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की सलाह दी गई।
