दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6.60 करोड़ रुपए नकद जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो चार पहिया वाहनों में छिपाकर ले जाए जा रहे कुल 6.60 करोड़ रुपए नकद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई कुम्हारी थाना क्षेत्र में की गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों वाहन महाराष्ट्र की ओर जा रहे थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इन गाड़ियों में भारी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है। इसके बाद कुम्हारी पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया और वाहनों को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान जब दोनों गाड़ियों को खंगाला गया तो सीट और अन्य हिस्सों से करोड़ों की नकदी बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही चार लोगों को हिरासत में ले लिया और रकम को जब्त कर लिया।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी राशि कहां से आई और इसका इस्तेमाल कहां होना था। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने रकम के स्रोत और मकसद को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दिया है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि यह कार्रवाई चुनाव और अपराध नियंत्रण की दृष्टि से बेहद अहम है। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
