प्रेमनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा सप्लायर गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
सूरजपुर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रेमनगर पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गांजा सप्लाई करने वाले आरोपी टिकेश्वर यादव को गिरफ्तार किया है। उसके पास से गांजा परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
इससे पहले 22 जून 2025 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम सरस्टाल से पुलिस ने आरोपी शशिभूषण दुबे को 4 किलो 350 ग्राम गांजे के साथ पकड़ा था। इस मामले में एक अन्य आरोपी मिनीकेतन यादव को भी गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान पुलिस का ध्यान मुख्य सप्लायर टिकेश्वर यादव पर केंद्रित हुआ, जिसे लंबे समय से तलाशा जा रहा था।
DIG एवं SSP प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने की मुहिम चला रही है। एएसपी संतोष महतो और एसडीओपी प्रेमनगर नरेंद्र सिंह पुजारी के मार्गदर्शन में लगातार दबिश दी गई और आखिरकार आरोपी को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी टिकेश्वर यादव पिता चक्रधर यादव (उम्र 27 वर्ष, निवासी सिहर्डहर, थाना लैलुंगा, जिला रायगढ़) ने पूछताछ में बताया कि वर्ष 2017 में ओडिशा के फूलवानी जिले के फिरिंगिया गांव में काम करते हुए उसने गांजा कारोबार में कदम रखा। जल्दी मुनाफा होने के कारण वह इस अवैध धंधे में गहराई से जुड़ गया और स्थानीय नेटवर्क के जरिए गांजा बेचने लगा।
पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर अम्बिकापुर कोतवाली में मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रेमनगर विराट विशी, आरक्षक दीपक यादव, सत्याम सिंह और महिला आरक्षक सिंधु कुजुर की सक्रिय भूमिका रही।
