सोना डबल करने का झांसा देकर 7 लाख के आभूषण ठगे, महाराष्ट्र से एक आरोपी गिरफ्तार

0
43cfe083-68b5-40aa-819b-95d9ad5baf54

कबीरधाम जिले में पूजा-पाठ के माध्यम से सोना दोगुना करने का झांसा देकर करीब 7 लाख रुपये के सोने के आभूषणों की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने महाराष्ट्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सराफा कारोबारी से 65.5 ग्राम सोने की चेन, अंगूठी और लॉकेट ठग लिए थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं, जबकि घटना में शामिल दूसरे और मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, यह मामला थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र का है। कवर्धा की सराफा लाइन निवासी छोटे लाल सोनी ने 6 अक्टूबर 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसी दिन दो व्यक्ति उनके व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर पहुंचे और पूजा-पाठ के जरिए सोना दोगुना करने का लालच दिया। इसके बाद दुकान के सामने स्थित शक्ति मंदिर में पूजा-पाठ का झांसा देकर दोनों आरोपी उनसे 65.5 ग्राम वजन के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई।

शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 456/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की गई।

जांच में एक आरोपी की पहचान हसनैन नासिर अली ईरानी (18 वर्ष), निवासी मोहम्मद अली रोड, भुसावल, जिला जलगांव, महाराष्ट्र के रूप में हुई। पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कराया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने जांच में अपेक्षित सहयोग नहीं किया और नोटिस की शर्तों का पालन नहीं किया, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर कवर्धा लाया गया।

थाने में शिकायतकर्ता से आरोपी की पहचान की कार्रवाई कराई गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर धोखाधड़ी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, धोखाधड़ी से प्राप्त रकम में आरोपी का हिस्सा 48 हजार रुपये था, जिसमें से शेष बची 15 हजार रुपये की नकदी उसकी निशानदेही पर बरामद कर जब्त की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

इस मामले में दूसरा आरोपी, जिसे पुलिस मुख्य आरोपी बता रही है, अभी फरार है। उसकी तलाश और पतासाजी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अमित कुमार पटेल और अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में थाना सिटी कोतवाली और साइबर थाना की टीम ने भूमिका निभाई। पुलिस ने नागरिकों से सोना दोगुना करने जैसे अविश्वसनीय दावों और लालच देने वाली योजनाओं से सावधान रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों