नंदघाट पुलिस ने 8 गुम मोबाइल बरामद कर लौटाए, लोगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
बेमेतरा। पुलिस अधीक्षकों के निर्देश पर नंदघाट थाना प्रभारी ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोन की खोज अभियान चलाया। इस दौरान 8 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गए। बरामद मोबाइल की कुल कीमत लगभग ₹1,17,000 आँकी गई है।
सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और गुमशुदा मोबाइल की रिपोर्ट का विश्लेषण कर यह कार्रवाई की गई। थाना नंदघाट प्रभारी उप निरीक्षक भूनश्वर यादव और उनकी टीम ने मोबाइल बरामद किए और सत्यापन के बाद संबंधित मालिकों को सौंप दिए।
मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान मोबाइल मालिकों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने नंदघाट पुलिस और बेमेतरा पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की। इस पहल ने आम नागरिकों के बीच पुलिस पर विश्वास और भरोसा और भी मजबूत किया है।

इस अवसर पर थाना प्रभारी भूनश्वर यादव ने कहा कि नागरिकों को चाहिए कि गुम या चोरी हुए मोबाइल की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने, साइबर सेल या सीईआईआर पोर्टल (www.ceir.gov.in) पर दर्ज कराएं ताकि मोबाइल को शीघ्रता से ट्रेस किया जा सके।
मोबाइल मालिकों ने भी पुलिस के इस प्रयास को सराहा और कहा कि उन्होंने गुम मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस की इस पहल ने उन्हें खुश कर दिया। इस अभियान में नंदघाट पुलिस और साइबर सेल की टीम का योगदान सराहनीय रहा।
