बिर्रा थाना पुलिस की साइबर जागरूकता पहल — अब बच्चे नहीं बनेंगे साइबर ठगों के शिकार
जांजगीर-चांपा। राष्ट्रीय साइबर जागरूकता माह के तहत बिर्रा थाना पुलिस द्वारा ग्राम किकिरदा के हायर सेकेंडरी स्कूल में साइबर जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ग्राम किकिरदा और करही के लगभग 150 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को ऑनलाइन ठगी, डिजिटल गिरफ्तारी, फेक लिंक, ऐप डाउनलोड और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या एप्लिकेशन पर क्लिक न करें और किसी भी वित्तीय साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

यह जनजागरूकता अभियान पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पांडे (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चांपा यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि साइबर अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सजग रहें और सुरक्षित रहें।
