नक्सल मुक्ती की ओर अग्रसर है छत्तीसगढ़: सुकमा में 50 लाख के इनामी नक्सलियों सहित 27 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
सुकमा। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान को एक बड़ी सफलता मिली है। सुकमा जिले में 50 लाख रुपए के इनामी नक्सलियों सहित कुल 27 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है। यह आत्मसमर्पण शासन की नक्सल उन्मूलन नीतियों और पुलिस की सतत सक्रियता का परिणाम है।
नक्सलियों ने बताया कि उन्हें शासन की पुनर्वास नीति और पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विश्वास अभियान से प्रेरणा मिली। वे अब समाज और विकास की मुख्यधारा में जुड़कर प्रदेश की शांति स्थापना में सहयोग करना चाहते हैं।

सुकमा पुलिस ने आत्मसमर्पित नक्सलियों को शासन की पुनर्वास नीति के तहत आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जो भी नक्सली हिंसा का मार्ग छोड़कर लौटना चाहता है, उसका स्वागत है।
पुलिस अधीक्षक सुकमा ने कहा कि पुलिस और सुरक्षा बल लगातार नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर बढ़ाने से स्थानीय लोगों में विश्वास बढ़ा है और नक्सली संगठन कमजोर हो रहे हैं।
यह आत्मसमर्पण छत्तीसगढ़ सरकार और सुरक्षा बलों की उस नीति की सफलता को दर्शाता है, जिसके तहत राज्य को नक्सल मुक्त करने का संकल्प लिया गया है। लगातार हो रहे आत्मसमर्पण इस बात का प्रमाण हैं कि नक्सलवाद की जड़ें अब कमजोर पड़ रही हैं और प्रदेश शांति की दिशा में अग्रसर है।
