सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाकर लोगों को भड़काने वाले तीन युवक गिरफ्तार
सिमगा पुलिस ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाकर लोगों को विरोध प्रदर्शन के लिए भड़काने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ग्राम लारिया में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के बारे में ग़लत और भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर फैलाकर भीड़ एकत्र करने और लोगों में आक्रोश फैलाने की कोशिश की थी।
पुलिस जांच में पता चला कि प्रतिमा की स्थापना के समय उसकी उंगली में हल्की दरार थी, जो समय के साथ धूप और बारिश से बढ़ गई थी। लेकिन आरोपियों ने इसे तोड़फोड़ की झूठी खबर बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती थी।

सिमगा पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया और उनके मोबाइल व सोशल मीडिया खातों की जांच की जा रही है।
👉 गिरफ्तार आरोपी:
1️⃣ लक्ष्मी नारायण दहरिया, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम हरिनभट्टा, थाना सिमगा
2️⃣ गौतम कुर्रे, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम चरौदा, थाना गिधपुरी
3️⃣ पालक भारद्वाज, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम गोड़ा, थाना पलारी
पुलिस ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर अपुष्ट या भ्रामक जानकारी साझा न करे, अन्यथा कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
