सुहेला में मुख्यमंत्री ने साइबर ठगी पीड़ितों को लौटाए 49.94 लाख रुपये
ग्राम सुहेला में 04 दिसंबर को आयोजित विभिन्न निर्माण कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री ने वर्ष 2024 और 2025 में हुई अलग-अलग साइबर ठगी की घटनाओं के पीड़ितों को राहत प्रदान करते हुए पुलिस की सक्रिय कार्यवाही से वापस प्राप्त राशि के चेक सौंपे।

पुलिस की सतत निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और त्वरित कार्रवाई के चलते साइबर ठगी के कई मामलों में राशि को ट्रेस कर बैंकों के माध्यम से रोका गया था। इसी का परिणाम रहा कि कुल ₹49,94,478 की महत्वपूर्ण रकम पीड़ितों को पुनः वापस दिलाई जा सकी। मुख्यमंत्री द्वारा मंच पर ही पीड़ितों को यह चेक सौंपे जाने से कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पुलिस और प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधों में वृद्धि को देखते हुए राज्य पुलिस लगातार जागरूकता अभियान और कार्रवाई दोनों पर जोर दे रही है। समय पर शिकायत, बैंक खातों को फ्रीज़ करवाना और डिजिटल ट्रांजैक्शन की मॉनिटरिंग से कई पीड़ितों की रकम बचाई जा सकी है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि आम लोगों के सही समय पर रिपोर्ट करने और पुलिस के प्रोफेशनल प्रयासों ने यह संभव बनाया है। सरकार नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए नियमित रूप से कार्यक्रम आयोजित कर रही है, ताकि लोग ठगी के नए तरीकों से बच सके।
सुहेला में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल विकास कार्यों के लोकार्पण के लिए यादगार साबित हुआ, बल्कि साइबर ठगी पीड़ितों को मिली यह बड़ी राहत भी लोगों के लिए उम्मीद का संदेश लेकर आई।
