बलौदाबाज़ार-भाटापारा पुलिस ने बाइक चोरी गिरोह पकड़ा, 17 मोटरसाइकिलें बरामद
बलौदाबाज़ार-भाटापारा ज़िले की पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग गैंग में शामिल चार आरोपियों—जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है—को पकड़कर मोटरसाइकिल चोरी की कई वारदातों पर रोक लगाई। यह कार्रवाई जिले के कई थाना क्षेत्रों में बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए की गई थी।

जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से बलौदाबाज़ार-भाटापारा और रायपुर जिले के विभिन्न इलाकों से मोटरसाइकिलें चोरी कर रहे थे। चोरी के बाद आरोपी मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट बदल देते थे, इंजन और चेसिस नंबर मिटा देते थे और फिर वाहनों को अलग-अलग इलाकों में बेच देते थे। बाइक की पहचान छिपाने के लिए वे विज़र और मडगार्ड बदलकर रेडियम स्टिकर लगाते थे, जिससे वाहन मूल रूप से पहचान में न आए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 17 चोरी की मोटरसाइकिलें, जिसकी कीमत लगभग ₹10,80,000 आंकी गई है, बरामद की हैं। पुलिस का कहना है कि जिन क्षेत्रों से बाइक चोरी की शिकायतें दर्ज थीं, उनमें से कई मामलों का खुलासा इस गिरोह से पूछताछ के बाद संभव हुआ है। इसके अलावा पूर्व में दर्ज चोरी के मामलों में भी आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अब उन लोगों की जानकारी भी एकत्रित कर रही है, जिन्होंने आरोपियों से चोरी की मोटरसाइकिलें खरीदी थीं। ऐसे व्यक्तियों पर भी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है, ताकि चोरी की श्रृंखला को पूरी तरह रोका जा सके। आरोपियों की गिरफ्तारी से जिले में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों पर महत्वपूर्ण अंकुश लगने की उम्मीद है।
गिरफ्तार आरोपी:
- टिकेश्वर उर्फ राजा यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम हिरमी, थाना सुहेला
- योगेश यादव उर्फ सर्किट, उम्र 18 वर्ष, निवासी कुम्हारपारा रामसागर वार्ड, थाना भाटापारा सिटी
- भानु वर्मा, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम अर्जुनी, थाना भाटापारा ग्रामीण
- 01 नाबालिग, संलिप्तता पाई गई
