कोण्डागांव में एसपी ने ली क्राइम मीटिंग, कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश
जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कोण्डागांव पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विशेष क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। वर्ष के अंतिम महीने को देखते हुए बुलाए गए इस बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्र (भापुसे) ने की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेंद्र देव पटेल, रेंज अधिकारी और सभी थाना प्रभारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

बैठक में एसपी ने विशेष रूप से लंबित अपराधों की समीक्षा करते हुए महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों, गुमशुदगी, दृश्य पुलिसिंग, तथा चेकिंग अभियान को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधों के त्वरित निराकरण के लिए थाना स्तर पर सक्रियता बढ़ाई जाए तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया जाए। साथ ही, थानों में आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ संवेदनशील व्यवहार और शिकायत प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर दिया।
एसपी ने यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए जिले के सभी ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर वहां इंडिकेटर, ब्लिंकर्स और आवश्यक संकेतक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात नियमों के उल्लंघन पर ट्रैफिक स्टाफ को कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। इसके अलावा, साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष साइबर सेल की जागरूकता अभियान और हेल्प डेस्क की स्थापना पर भी जोर दिया गया।

महिला सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण, पीड़ितों को मिलने वाली क्षतिपूर्ति पर विशेष ध्यान, महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाने तथा छात्राओं और महिलाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान करने पर जोर दिया गया। एसपी ने कहा कि दृश्य पुलिसिंग, शाम और रात्रि गश्त, और अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार रेड कार्रवाई जारी रहे।
अपराधियों पर लगाम कसने के लिए थाना क्षेत्रों में गुंडा-बदमाश सूची को अपडेट करने, सीसीटीवी सर्विलांस बढ़ाने और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में एसपी ने साफ कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी थाना प्रभारी सक्रियता और जवाबदेही के साथ काम करें।
