बेेमेतरा SSP का रात्रि में रक्षित केंद्र पर औचक निरीक्षण, अनुशासन को लेकर सख्त निर्देश

0

बेमेतरा जिले में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से एसएसपी श्री रामकृष्ण साहू (IPS) ने शनिवार की रात रक्षित केंद्र बेमेतरा (पुलिस लाइन) का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासन और उपकरणों की स्थिति का बारीकी से मूल्यांकन किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले हथियार शाखा, रोजनामचा कक्ष और क्वार्टर गार्ड की जांच की। सभी हथियारों की स्थिति, रखरखाव और रिकॉर्ड को ध्यानपूर्वक परखा गया। गार्ड ड्यूटी पर तैनात जवानों और उनके हथियारों की भी गहन जांच की गई ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सुरक्षा व्यवस्था हर समय मजबूत बनी रहे।

वाहन शाखा के प्रभारी अधिकारियों को सरकारी वाहनों के नियमित रखरखाव, मरम्मत और समय पर निरीक्षण के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि वाहन सुरक्षा और उनकी कार्यक्षमता पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। पुलिस कस्टडी में सख्त सतर्कता और हथकड़ी के सुरक्षित उपयोग पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अनुशासन, समयबद्धता और आपातकालीन स्थितियों में तत्परता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। रक्षित केंद्र की साफ-सफाई, परेड ग्राउंड के रखरखाव और सभी व्यवस्थाओं को अपडेट रखने के लिए भी निर्देश जारी किए गए।

इसके साथ ही एसएसपी ने कहा कि थानों एवं चौकियों में आने वाले पीड़ितों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता में पुलिस की सकारात्मक और भरोसेमंद छवि बनी रहे। उन्होंने दोहराया कि अनुशासन ही पुलिस व्यवस्था की नींव है और इसमें किसी भी स्तर पर ढील बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

औचक निरीक्षण के दौरान मुख्य आरक्षक अनुपम शर्मा, राकेश मेरावी, हथियार शाखा के मुख्य आरक्षक खिलेंद्र साहू सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे, जिन्होंने एसएसपी के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का भरोसा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों