कबीरधाम में धार्मिक उन्माद फैलाने का मामला: कबीरपंथ के पोस्टर फाड़ने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

0

कवर्धा थाना क्षेत्र में धार्मिक भावनाओं को आहत करने, शांति व्यवस्था भंग करने और कबीरपंथ से जुड़े पोस्टर-बैनर फाड़ने के मामले में कबीरधाम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया।

घटना का संक्षिप्त विवरण

प्रार्थी पुनीत झारिया, पिता धनसाय झारिया, निवासी नवागांव, थाना कवर्धा ने थाना पहुंचकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में उल्लेख किया गया कि कवर्धा-लोहारा मुख्य मार्ग पर नवागांव चौक स्थित कबीर चबूतरा के पास आरोपियों द्वारा कबीरपंथ से जुड़े बैनर-पोस्टर को फाड़ दिया गया, गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इस कृत्य से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और धार्मिक उन्माद जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

पुलिस जांच और जब्ती कार्रवाई

प्रार्थी की शिकायत पर थाना कवर्धा में अपराध क्रमांक 532/2025 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान पीड़ित एवं गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर नक्शा तैयार किया गया। विवेचना के दौरान बैनर-पोस्टर, सफेद झंडा, नीलगिरी की बल्लियां एवं बांस को विधिवत जप्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

जांच में संलिप्त पाए जाने पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया—

  1. सोहन नाथ शिवोपासक, पिता गौकरनाथ शिवोपासक, उम्र 49 वर्ष
  2. मनहरन नाथ योगी, पिता नारायण नाथ योगी, उम्र 51 वर्ष

दोनों आरोपी थाना कवर्धा क्षेत्र के निवासी हैं। गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।

आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी प्रतिबंधात्मक एवं आपराधिक प्रकरण दर्ज रहे हैं, जिनमें दंड प्रक्रिया संहिता की विभिन्न धाराएं शामिल हैं।

शांति बनाए रखने की अपील

कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से शांति, सौहार्द और धार्मिक सहिष्णुता बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक उन्माद फैलाने, समाज में तनाव पैदा करने या कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी

मामले में आगे की विधिक कार्यवाही जारी है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों