रायपुर पुलिस का सघन पेट्रोलिंग अभियान, अपराध नियंत्रण के लिए सख्त चेकिंग
रायपुर।
अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस द्वारा शहरभर में व्यापक स्तर पर सघन पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर की जा रही है।

थाना क्षेत्रों से लेकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्कता
अभियान के तहत सभी थाना क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, सार्वजनिक चौक-चौराहों, पार्कों और बाजार क्षेत्रों में पैदल पेट्रोलिंग की जा रही है। इसके साथ ही डायल-112 की टीमों द्वारा वाहनों से लगातार गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
सार्वजनिक स्थानों पर अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई
पुलिस टीमों द्वारा सार्वजनिक स्थानों एवं सुनसान इलाकों में शराब सेवन करने वालों, नशेड़ियों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही है। इसके अलावा संदिग्ध वाहनों की डिक्की की तलाशी, चारपहिया वाहनों की चेकिंग तथा सार्वजनिक स्थलों पर धारदार एवं बटनदार चाकू लेकर घूमने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

अवैध शराब व नशे पर जीरो टॉलरेंस
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर बैठकर शराब पीने, नशे का सेवन करने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान कई स्थानों पर बैठकर शराब पी रहे लोगों को समझाइश दी गई, वहीं नियमों का उल्लंघन करने वालों पर वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।
लगातार जारी रहेगा अभियान
रायपुर पुलिस ने कहा है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इसका उद्देश्य न केवल अपराधियों पर शिकंजा कसना है, बल्कि आम लोगों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना भी है।
