सुकमा मुठभेड़: 3 इनामी माओवादी ढेर, हथियार और विस्फोटक बरामद

0

सुकमा।
जिले के गोंडीगुड़ा क्षेत्र में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में महिला माओवादी सहित कुल तीन नक्सलियों को मार गिराया गया है। मुठभेड़ के बाद मौके से अत्याधुनिक हथियारों के साथ बड़ी मात्रा में विस्फोटक और नक्सली सामग्री बरामद की गई है।

DRG की सटीक कार्रवाई

पुलिस को गोंडीगुड़ा क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी, जिसके आधार पर सुकमा DRG की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अभियान के दौरान माओवादियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में तीन माओवादी ढेर हो गए।

इनामी माओवादी हुए ढेर

मुठभेड़ में मारे गए दो पुरुष माओवादी और एक महिला माओवादी पर कुल ₹12 लाख का इनाम घोषित था। मारे गए माओवादी कोंटा और किस्ताराम एरिया कमेटी के अंतर्गत सक्रिय थे और कई गंभीर नक्सली घटनाओं में संलिप्त रहे हैं।

हथियारों का जखीरा बरामद

मुठभेड़ स्थल से 9 एमएम सर्विस पिस्टल, 12 बोर हथियार, भारी भरकम गन, बीजीएल सेल, टिफिन बम सहित भारी मात्रा में विस्फोटक और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है। इससे स्पष्ट है कि माओवादी किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे।

माओवाद अंतिम दौर में

बस्तर रेंज के आईजी ने कहा कि सुरक्षाबलों की संयुक्त और लगातार कार्रवाई से माओवादी नेटवर्क गंभीर रूप से कमजोर हुआ है। उन्होंने सक्रिय माओवादियों से हिंसा का रास्ता छोड़कर सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति का लाभ लेने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा स्थापित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों