दुर्ग रेंज में ‘शक्ति ऐप’ का पब्लिक मॉड्यूल लॉन्च: अब आम नागरिक भी एक क्लिक में खोज सकेंगे चोरी के वाहन
दुर्ग रेंज:
पुलिस और आम नागरिकों के बीच सहभागिता को और मजबूत करने की दिशा में दुर्ग रेंज पुलिस ने एक अहम पहल की है। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज रामगोपाल गर्ग द्वारा ‘शक्ति ऐप’ के पब्लिक मॉड्यूल का शुभारंभ किया गया, जिससे अब आम नागरिक भी चोरी या संदिग्ध वाहनों की जानकारी एक क्लिक में प्राप्त कर सकेंगे।

शक्ति ऐप को पहले पुलिसकर्मियों के लिए विकसित किया गया था, जिसमें चोरी के वाहनों का एकीकृत डेटाबेस उपलब्ध है। इसके माध्यम से पेट्रोलिंग और नाकेबंदी के दौरान पुलिस को त्वरित जानकारी मिलती थी। ऐप की सफलता को देखते हुए इसे आम जनता के लिए भी उपयोगी बनाने का सुझाव सामने आया, जिसके बाद इसका पब्लिक मॉड्यूल विकसित किया गया।
इस नए मॉड्यूल के माध्यम से नागरिक अपने मोबाइल फोन पर वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर डालकर यह जांच कर सकेंगे कि वह वाहन चोरी का है या संदिग्ध। यदि कोई संदिग्ध वाहन दिखाई देता है तो उसकी सूचना सीधे पुलिस को दी जा सकेगी, जिससे वाहन चोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई और बरामदगी संभव हो सकेगी।

आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि बीते एक वर्ष में दुर्ग रेंज में शक्ति ऐप की मदद से 150 से अधिक चोरी के वाहनों की सफल बरामदगी की जा चुकी है। अब पब्लिक मॉड्यूल के जुड़ने से दुर्ग रेंज के लगभग 40 लाख नागरिक भी इस अभियान में भागीदार बनेंगे, जिससे वाहन चोरी पर और अधिक प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान ऐप के विकास और सफल क्रियान्वयन में योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र भी प्रदान किए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि यह नवाचार दुर्ग रेंज में सफल रहता है तो इसे पूरे प्रदेश में लागू करने का प्रयास किया जाएगा।
