सुकमा मुठभेड़ में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी: 60 लाख के 12 इनामी नक्सली ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। किस्ताराम थाना क्षेत्र के पामलूर जंगलों में चलाए गए नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें कुल 12 माओवादी मारे गए, इनमें 5 महिला नक्सली भी शामिल हैं। यह कार्रवाई बस्तर क्षेत्र में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में कोंटा एरिया कमेटी के कुख्यात DVCM वेट्टी मंगडू उर्फ मुक्का और ACM माडवी हितेश उर्फ हुंगा जैसे शीर्ष नक्सली शामिल हैं। दोनों ही नक्सली कई गंभीर वारदातों में वांछित थे और इन पर दर्जनों मामलों में इनाम घोषित था। मारे गए सभी नक्सलियों पर कुल मिलाकर करीब 60 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

यह अभियान सुकमा जिले के दक्षिणी क्षेत्र में सशस्त्र नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर चलाया गया था। DRG की टीमों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, इसी दौरान सुबह के समय सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। मुठभेड़ के बाद सर्चिंग में घटनास्थल से 12 नक्सलियों के शव बरामद किए गए।
सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ स्थल से AK-47, INSAS और SLR राइफल, BGL लॉन्चर, भारी मात्रा में कारतूस, वायरलेस सेट और अन्य नक्सली सामग्री भी जब्त की है। बरामद हथियारों से यह स्पष्ट होता है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे, जिसे सुरक्षाबलों ने समय रहते नाकाम कर दिया।

आईजी बस्तर रेंज ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने की दिशा में सुरक्षाबल लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने नक्सलियों से हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की अपील भी दोहराई है। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि किसी भी संभावित खतरे को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
