कांकेर मेले में बच्चों की सुरक्षा का अनोखा कदम: पुलिस ने शुरू किया ‘सुरक्षा कार्ड’ अभियान

0
5 jan 12

कांकेर पुलिस ने मेले में आने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक सराहनीय पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल राखेचा (BPS) के निर्देशन में, कांकेर मेले के दौरान बच्चों को विशेष “सुरक्षा कार्ड” उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे भीड़ में बच्चों के भटकने की स्थिति में उन्हें सुरक्षित रूप से परिजनों तक पहुंचाया जा सके।

यह पहल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर श्री आकाश श्रीमल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री दिनेश सिन्हा, उप पुलिस अधीक्षक (नोडल अधिकारी) श्रीमती प्रतिभा लहरे के मार्गदर्शन में महिला रक्षा टीम कांकेर द्वारा संचालित की जा रही है। मेले में आने वाले अभिभावकों और बच्चों के बीच इस अभियान को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

सुरक्षा कार्ड में बच्चे का नाम, अभिभावक का नाम और संपर्क मोबाइल नंबर दर्ज किया जा रहा है, जिसे बच्चों की जेब में सुरक्षित रखा जा रहा है। यदि कोई बच्चा मेले में अपने परिजनों से बिछुड़ जाता है, तो इस कार्ड की मदद से पुलिस या आमजन तुरंत अभिभावकों से संपर्क कर सकते हैं।

इस पहल का सकारात्मक असर यह देखने को मिल रहा है कि कई बच्चे पुलिस तक पहुंचने से पहले ही अपने माता-पिता से मिल जा रहे हैं। वहीं, बड़ी संख्या में अभिभावक स्वयं आगे आकर अपने बच्चों के लिए सुरक्षा कार्ड बनवाने पुलिस स्टॉल पर पहुंच रहे हैं।

कांकेर पुलिस की यह पहल न केवल बच्चों की सुरक्षा को मजबूत करती है, बल्कि आम नागरिकों में पुलिस के प्रति भरोसा और सहयोग की भावना को भी बढ़ाती है। मेले के दौरान इस अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों