राजनांदगांव में सट्टेबाजी का भंडाफोड़, बसंतपुर पुलिस की छापेमारी में दो आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर सट्टा लिखते हुए आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि बिसेन सोनकर नामक आरोपी, लोमेंद्र निर्मलकर के लिए कमीशन पर सट्टा लिखने का काम कर रहा था। दोनों आरोपी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध जुए का नेटवर्क चला रहे थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने उनके पास से ₹10,100 नकद, कई मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, कैलकुलेटर, रजिस्टर और सट्टा पर्चियां बरामद की हैं।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिसेन सोनकर (22 वर्ष), निवासी सागरपारा, थाना बसंतपुर और लोमेंद्र कुमार निर्मलकर (22 वर्ष), निवासी भानपुरी, थाना लालबाग, राजनांदगांव के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से जब्त मोबाइल फोन और लैपटॉप में सट्टे से जुड़े कई डिजिटल रिकॉर्ड मिले हैं, जिन्हें जांच में शामिल किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
बसंतपुर पुलिस ने साफ कहा है कि अवैध जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आम जनता से भी अपील की गई है कि इस तरह की गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
