NSS शिविर में बच्चों को साइबर अपराध से बचाव की सीख, केशकाल पुलिस का जागरूकता अभियान
थाना केशकाल क्षेत्र के गढ़सिलायरा में आयोजित एनएसएस शिविर के दौरान बच्चों और स्थानीय नागरिकों को साइबर अपराध से सतर्क रहने की जानकारी दी गई। यह जागरूकता कार्यक्रम जिला कोंडागांव के पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेंद्र देव पटेल तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशकाल श्री अरुण नेताम के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
केशकाल थाना पुलिस द्वारा चलाए जा रहे निरंतर जनजागरूकता अभियान के तहत यह कार्यक्रम शासकीय कन्या उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, केशकाल द्वारा आयोजित एनएसएस शिविर के अंतर्गत संपन्न हुआ। कार्यक्रम में निरीक्षक विकास बघेल की उपस्थिति में बच्चों को साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
जागरूकता सत्र के दौरान बच्चों को बताया गया कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या मैसेज से कैसे सावधान रहें और अपनी निजी जानकारी को सुरक्षित कैसे रखें। इसके साथ ही महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराध, ट्रैफिक नियमों का पालन, भारत सरकार द्वारा लागू किए गए नए आपराधिक कानून, तथा नशे के दुष्परिणामों पर भी प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर संस्था प्रमुख शिक्षक, वार्ड पार्षद, आंगनबाड़ी सहायिका, ग्राम मितानिन और नगर पंचायत के वार्डवासी भी उपस्थित रहे। सभी को साइबर अपराध से बचाव के उपाय अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों और आम नागरिकों को डिजिटल युग में सुरक्षित बनाना है, ताकि वे सजग रहकर साइबर अपराधों से स्वयं को और अपने परिवार को बचा सकें।
