साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, राजनांदगांव पुलिस ने दो शातिर आरोपी किए गिरफ्तार
साइबर सेल राजनांदगांव एवं थाना सोमनी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने आपसी मिलीभगत से फर्जी बिल तैयार कर करीब 28 से 30 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अमित कुमार गुप्ता (34 वर्ष) निवासी गोगांव, गोकुल टावर फ्लैट, थाना गुडियारी, जिला रायपुर एवं दिलीप गोलछा (49 वर्ष) निवासी अरिहंत हाइट्स, खंडेलवाल कॉलोनी, जिला दुर्ग शामिल हैं। दोनों आरोपियों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से फर्जी दस्तावेजों का उपयोग कर आर्थिक अपराध किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹3.20 लाख नकद, एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन एवं एक पेन ड्राइव जब्त की है। जब्त सामग्री का उपयोग ठगी से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच में किया जा रहा है।
मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायालय में प्रस्तुत किया। जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर अपराध के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध लेन-देन या फर्जी बिलिंग से सतर्क रहें और समय पर पुलिस को सूचना दें।
