सोना-चांदी उतारने के नाम पर ठगी का भंडाफोड़, कांकेर में 3 आरोपी गिरफ्तार, लाखों की रिकवरी

0

उत्तर बस्तर कांकेर जिले के नारहरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सोना-चांदी के आभूषण उतारने और आयुर्वेदिक इलाज के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर बड़ी रकम ठगी।

जांच में सामने आया है कि आरोपी महालक्ष्मी अस्पताल में आयुर्वेदिक कैंप लगाकर विभिन्न शारीरिक बीमारियों के इलाज का दावा करते थे। इसी बहाने वे मरीजों और उनके परिजनों को विश्वास में लेकर नकद राशि और सोने के गहने अपने कब्जे में ले लेते थे।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों द्वारा कुल ₹13,74,000 नकद और लगभग एक तोला सोने के आभूषण की ठगी की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से ₹4,80,000 नकद राशि और सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक CG11 E4500 को भी जब्त किया गया है।

तीनों आरोपियों को ग्राम जामगांव से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में ठगी के तरीके और अन्य संभावित पीड़ितों को लेकर अहम जानकारियां मिली हैं। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच जारी है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा किया जा सके।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस प्रकार के झूठे इलाज, चमत्कार या आभूषण उतारने जैसे दावों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

👤 आरोपियों के नाम

  1. ननसिंह चितोड़िया, उम्र 52 वर्ष, निवासी हार्डोली रोड, उत्तम नगर, थाना अरबीक, जिला वर्धा (महाराष्ट्र)
  2. सूरज सिंह चितोड़िया, उम्र 18 वर्ष, निवासी हार्डोली रोड, उत्तम नगर, थाना अरबीक, जिला वर्धा (महाराष्ट्र)
  3. एक विधि से संघर्षरत बालक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों