राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026: मुख्यमंत्री ने गरियाबंद के 4 राहवीरों को किया सम्मानित
गरियाबंद। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत परिवहन विभाग द्वारा राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को सम्मानित किया।

समारोह में गरियाबंद जिले के यातायात विभाग से जुड़े दो अधिकारी/कर्मचारियों को उनके सराहनीय कार्य के लिए राज्य स्तर पर सम्मान प्राप्त हुआ। वहीं जिले के चार राहवीरों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल लोगों को गोल्डन ऑवर के दौरान समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सम्मानित राहवीरों में
- रामकृपाल साहू – थाना गरियाबंद
- सौरभ पांडेय – थाना गरियाबंद
- तोषण कुमार – थाना पाण्डुका
- हुमन साहू – थाना राजिम
शामिल हैं। मुख्यमंत्री द्वारा इन चारों राहवीरों को ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता, यातायात नियमों के पालन तथा दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित सहायता प्रदान करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान से समाज के अन्य नागरिक भी मानवता और सेवा के इस कार्य के लिए आगे आएंगे।
इस अवसर पर परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
