38 साल की ऐतिहासिक सेवा के बाद डीएसपी साधना सिंह सेवानिवृत्त, पुलिस विभाग ने दी भावभीनी विदाई

0

उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) साधना सिंह ने 38 वर्ष की लंबी, अनुकरणीय और सराहनीय सेवा के उपरांत पुलिस विभाग से सेवानिवृत्ति ग्रहण की। इस अवसर पर पुलिस विभाग की परंपरा के अनुसार पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सेवा सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह सहित अधिकारियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।

सेवा सम्मान कार्यक्रम का संचालन उप पुलिस अधीक्षक सुशांत बनर्जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान डीएसपी साधना सिंह के सेवाकाल का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया गया। जानकारी दी गई कि उन्होंने अविभाजित मध्यप्रदेश के जगदलपुर जिले से उप निरीक्षक पद पर पुलिस सेवा की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने सब इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टर के रूप में बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, मुंगेली और रायगढ़ जिले के विभिन्न थानों में महत्वपूर्ण सेवाएं दीं।

वर्ष 2018 में निरीक्षक पद से पदोन्नत होकर डीएसपी बनीं साधना सिंह की पहली पदस्थापना मुंगेली जिले में हुई। इसके पश्चात उन्होंने रायगढ़ जिले में अपनी सेवाएं दीं। पिछले लगभग डेढ़ वर्षों से वे पुलिस मुख्यालय रायगढ़ में पदस्थ थीं, जहां उनके कार्यों की सराहना की जाती रही।

समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने शॉल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर डीएसपी साधना सिंह को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि साधना सिंह का 38 वर्षों का पुलिस करियर प्रेरणादायक रहा है। ऐसे दौर में पुलिस सेवा में प्रवेश करना, जब यह क्षेत्र पुरुष प्रधान माना जाता था, अपने आप में एक मिसाल है। उन्होंने अपने पूरे सेवाकाल में कर्तव्य और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाकर उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में डीएसपी साधना सिंह के परिवारजन, शहर के गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी, अनिल कुमार विश्वकर्मा, सीएसपी मयंक मिश्रा, डीएसपी सुशांत बनर्जी, प्रोबेशनल डीएसपी अजय नागवंशी, आरआई अमित सिंह एवं पुलिस कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों